रूड़की में दिनदहाड़े युवती के अपहरण की कोशिश,विरोध करने पर भाई को पीटा,सदमे में युवती ने खाया जहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा 
रुड़की की सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में भाई के साथ बाइक पर जा रही एक युवती का चार युवकों ने सरेआम अपहरण करने का प्रयास किया। जब भाई ने इसका विरोध किया, तो उन दरिंदों ने भाई को बेरहमी से पीटा और युवती के कपड़े तक फाड़ दिए। इस घटना से आहत होकर पीड़िता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। पूरी घटना बुधवार शाम की है। युवती की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी अपने भाई के साथ बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। जैसे ही वो बेलड़ा अंडरपास के पास पहुंचे, घात लगाए बैठे चार युवकों ने जबरन उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि चारों युवकों ने युवती को खींचकर अगवा करने की कोशिश की। भाई ने जब अपनी बहन को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जब डरी-सहमी मां और बेटी इस घटना की शिकायत करने पुलिस के पास जा रही थीं, तो दबंगों ने उन्हें रास्ते में फिर से रोक लिया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगर पुलिस के पास गईं, तो जान से मार देंगे। खौफ और लोकलाज के कारण दोनों घर लौट आईं, लेकिन इस बदनामी और सदमे को युवती बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में उसे कलियर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने साफ किया है कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

