रूड़की ब्लॉक के अधिकारियों की लापरवाही या दबाव एक साल से अधर में जांच, भड़के ग्रामीणों ने BDO कार्यालय पर किया धरना प्रदर्शन ग्रामीणों का ब्लॉक के अधिकारी को अल्टीमेटम
जल्द जांच पूरी ना हुई तो ब्लॉक के गेट पर अनिश्चितकालीन देंगे धरना 
रुड़की ब्लॉक के माधोपुर हजरतपुर गांव में ग्राम प्रधान के खिलाफ शिकायतों की जांच को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जांच के आदेश जारी होने के बावजूद एक साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं की गई। इतना ही नहीं जांच के लिए पहुंची टीम पर भी खानापूर्ति करने और बिना जांच किए ग्रामीणों के हस्ताक्षर लेकर लौट जाने का आरोप लगाया गया है। इससे नाराज ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और अधिकारियों पर ग्राम प्रधान से मिलीभगत का आरोप लगाया।
माधोपुर हजरतपुर गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में रुड़की स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ विभिन्न अनियमितताओं की शिकायतें की गई थी जिनकी जांच के आदेश भी दिए गए थे लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी जांच पूरी नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि जांच टीम को सुबह दस बजे गांव पहुंचना था लेकिन अधिकारी शाम करीब साढ़े तीन बजे गांव पहुंचे और बिना किसी तथ्यात्मक जांच के केवल ग्रामीणों के हस्ताक्षर लेकर वापस लौट गए। इससे लोगों में भारी नाराजगी है। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ ब्लॉक अधिकारी ग्राम प्रधान को बचाने का प्रयास कर रहे हैं और जांच प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।।वहीं मामले में सहायक खंड विकास अधिकारी सुभाष सैनी ने कहा कि जांच प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है और सभी तथ्यों को संकलित किया जा रहा है। खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों के आरोपों और अधिकारियों के दावों के बीच जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी जल्द जांच पूरी कर ग्रामीणों की शिकायतों का समाधान करता है।
*बाइट- सुमन कोटियाल (बीडीओ)*
*बाइट- सुभाष सैनी (एबीडीओ)*
*बाइट- आदिल (ग्रामीण)*
*बाइट- आवेश (ग्रामीण)*

