रुड़की में यूजर चार्ज पर व्यापारियों ने किया बड़ा ऐलान व्यापार मंडल ने नगर निगम घेराव करने और टैक्स ना देने की दी चेतावनी
नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे यूजर चार्ज को लेकर व्यापारियों का विरोध तेज हो गया है। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड ने मुख्य नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपते हुए यूजर चार्ज को तत्काल समाप्त करने की मांग की है।
समाचार न्यूज़ टुडे से ब्यूरो रिपोर्ट उत्तराखंड 

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि यह शुल्क वापस नहीं लिया गया तो नगर निगम के खिलाफ बड़ा आंदोलन और घेराव किया जाएगा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मुख्य नगर आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से भवन कर का भुगतान करते आ रहे हैं जिसके बदले नगर निगम सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराता है। ऐसे में अलग से यूजर चार्ज वसूलने का कोई औचित्य नहीं है। व्यापार मंडल का आरोप है कि यूजर चार्ज समाप्त करने की मांग को लेकर पहले भी कई बार मुख्य नगर आयुक्त और महापौर को पत्र दिए गए लेकिन किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि नगर निगम बनने के बाद से सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है, इसलिए अतिरिक्त शुल्क व्यापारियों पर जबरन थोपना उचित नहीं है। व्यापारियों ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम वर्ष में एक बार भवन कर लेता रहे, लेकिन यूजर चार्ज किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही यूजर चार्ज समाप्त नहीं किया गया तो प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल नगर निगम रुड़की का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री नवीन गुलाटी, संयोजक रामगोपाल कंसल, महानगर अध्यक्ष धीर सिंह, महानगर महामंत्री कविश मित्तल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

