रुड़की में कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने प्रेस वार्ता कर खानपुर विधायक एवं पूर्व विधायक पर कसातंज 
रुड़की में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और खानपुर विधानसभा से टिकट के दावेदार जितेंद्र पंवार ने खानपुर की राजनीति को लेकर बड़ा हमला बोला। पंवार ने वर्तमान विधायक उमेश कुमार और पूर्व विधायक कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन दोनों को निशाने पर लेते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने जन निर्माण पार्टी को भाजपा की बी पार्टी बताते हुए कहा कि इसे कांग्रेस के वोट काटने के उद्देश्य से बनाया गया है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में विकास, सामाजिक एकता और राजनीतिक माहौल को लेकर भी अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। रुड़की के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार ने कहा कि जन निर्माण पार्टी का गठन कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के शीर्ष नेताओं के भाजपा नेतृत्व से करीबी संबंध हैं, इसलिए यह भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। पंवार ने पूर्व विधायक कुँवर प्रणव सिंह चैंपियन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के विधायक रहने के दौरान उन्होंने क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं कराए। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें मौका देती है तो वे खानपुर में लंबे समय से चली आ रही नदी के ऊपर और नदी के नीचे की राजनीति को समाप्त कर क्षेत्र को एकजुट करने का काम करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि वर्तमान समय में खानपुर विधानसभा राजनीतिक संघर्ष और विवादों का केंद्र बन गई है। उनका प्रयास होगा कि क्षेत्र को इस माहौल से बाहर निकालकर विकास और जनहित के मुद्दों पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को सत्ता परिवर्तन का चुनाव बताते हुए प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने का दावा भी किया। हाल ही में पूर्व विधायक चैंपियन से जुड़े वायरल ऑडियो विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए जितेंद्र पंवार ने कहा कि खानपुर की राजनीति में समय-समय पर ऑडियो और वीडियो वायरल होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में किसी भी सामग्री की सत्यता की जांच जरूरी है और ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। खानपुर विधानसभा में चुनावी सरगर्मियां तेज होने के साथ ही नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में क्षेत्र की राजनीति और अधिक दिलचस्प होने की संभावना दिखाई दे रही है।

