दरगाह की संपत्ति पर कब्जे का आरोप, दरगाह सुपरवाइजर ने दी नाम दर्ज तहरीर पुलिस जुटी जांच में 
पिरान कलियर। वक्फ दरगाह साबिर पाक की संपत्ति पर कब्जे के प्रयास और दरगाह के साबरी गेस्ट हाउस के कमरों का ताला तोड़कर सामान खुर्द-बुर्द करने के मामले में दरगाह सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने पिरान कलियर थाने में तहरीर देकर लंढौरा निवासी अनीस कस्सार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
दरगाह सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि साबरी गेस्ट हाउस के पूरब दिशा में स्थित कमरों का इस्तेमाल दरगाह कार्य मे किया जाता है। इन कमरों में दरगाह का सामान भी रखा हुआ था। आरोप है कि अनीस कस्सार ने कमरों के ताले तोड़कर अंदर रखा सामान खुर्द-बुर्द कर दिया और कमरों पर कब्जा करने का प्रयास किया। आरोप लगाया गया है कि अनीस कस्सार पहले भी उक्त कमरों पर बिना अनुमति कब्जा करने का प्रयास कर चुका है।जिसको 2017 में उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी के आदेश पर पुलिस बल की मदद से इन कमरों को उसके कब्जे से मुक्त कराया गया था।
सुपरवाइजर मोहम्मद हारून ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति लगातार दरगाह की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

