रुड़की के एक अस्पताल में लगी आग अस्पताल के स्टाफ की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड एवं पुलिस ने आग पर पाया काबू
ब्यूरो रिपोर्ट संदीप चौधरी
9927301838
6395684465
रुड़की से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ बीएसएम चौक के पास स्थित विनय विशाल अस्पताल में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग अस्पताल के फिजियोथैरेपी सेंटर में लगी जिसके बाद कुछ ही देर में धुआं पूरे अस्पताल में फैल गया। धुएं के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई। हालात उस समय और गंभीर हो गए जब अस्पताल की बिजली सप्लाई बाधित हो गई और कई जरूरी मशीनें अस्थायी रूप से बंद हो गईं। हालांकि, अस्पताल स्टाफ की सूझबूझ और तत्परता से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। खासतौर पर आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित निकालना बड़ी चुनौती थी लेकिन टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाल लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। अस्पताल संचालक डॉ. विशाल घई के अनुसार अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आईसीयू समेत सभी जरूरी सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं और राहत की बात ये है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।

