*लोकेशन- रुड़की*
*स्लग- एसएसपी नवनीत सिंह का बड़ा खुलासा, एक साथ चार बड़ी कामयाबियां*



एंकर- रुड़की में पुलिस ने एक ही दिन में अपराधियों पर बड़ा प्रहार करते हुए चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। कोतवाली गंगनहर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने वाहन चोरी, ट्रैक्टर चोरी,ज्वैलर्स शॉप चोरी और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी से जुड़े मामलों का खुलासा किया। सबसे पहले बात करते हैं ट्रैक्टर चोरी गिरोह की। पिरान कलियर पुलिस ने तीन शातिर ट्रैक्टर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के दो ट्रैक्टर बरामद किए हैं। इनमें एक ट्रैक्टर वर्ष 2024 में कलियर क्षेत्र से चोरी हुआ था जबकि दूसरा पंजाब के संगरूर से चोरी किया गया था। आरोपी चोरी के ट्रैक्टरों की नंबर प्लेट हटाकर ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरी और मिट्टी ढुलाई के काम में इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। पुलिस अब इस गिरोह के फरार सदस्य हैप्पी की तलाश कर रही है।
वहीं गंगनहर कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भी भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अयान और अजय नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 11 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं जिनमें एक स्कूटी और दस मोटरसाइकिलें शामिल हैं। आरोपी वाहनों को चोरी कर उनकी पहचान बदलते थे और मॉडिफाई कर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। उधर रुड़की में ज्वैलर्स की दुकान में हुई बड़ी चोरी का भी पुलिस ने सफल खुलासा किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बड़ौत क्षेत्र से एक आरोपी साहिन को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों को बागपत पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है जिन्हें जल्द बी-वारंट पर लाया जाएगा। इसके अलावा गंगनहर पुलिस ने जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए खोए हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपे हैं। करीब 20 लाख रुपये कीमत के इन मोबाइल फोन को सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी सहायता से ट्रेस किया गया। मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही जनता की समस्याओं के समाधान और उनके विश्वास को मजबूत करने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
*बाइट- नवनीत सिंह भुल्लर (एसएसपी हरिद्वार)*

