परीक्षा घोटालों पर कांग्रेस का हमला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री का मांगा इस्तीफा युवाओं की आवाज बनेगा ‘छात्रों की गूंज’ अभियान
रुड़की में कांग्रेस ने लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। इसी के विरोध में कांग्रेस देशभर में “छात्रों की गूंज” संवाद अभियान शुरू करने जा रही है, जिसके माध्यम से छात्रों की समस्याओं और सुझावों को सीधे सुना जाएगा। सिविल लाइंस स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कभी नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है तो कभी परीक्षा केंद्रों की अव्यवस्थाओं के कारण छात्र परीक्षा तक नहीं दे पाते। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से निराश होकर कई विद्यार्थियों ने आत्मघाती कदम तक उठाए हैं, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार को लेनी चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। छात्रों की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को एकत्र कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। इसी कड़ी में रुड़की में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं बल्कि देश की प्रतिभाओं के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने कहा कि जब वर्षों की मेहनत के बाद भी योग्य छात्रों को निष्पक्ष अवसर नहीं मिलता तो उनका मनोबल टूटता है और व्यवस्था पर से विश्वास खत्म होने लगता है। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी ने कहा कि नीट परीक्षा लीक होने के कारण 21 छात्र-छात्राओं द्वारा आत्महत्या के मामले सामने आए हैं इन हत्याओं के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं केंद्रीय सरकार जिम्मेदार है और नैतिकता के आधार पर उन्हें इस्तीफा देना चाहिए उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेंगी ।यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष ओवैस अंसारी ने कहा कि ऐसा क्या है की जब से भाजपा की सरकार आई है राज्य हो अथवा केंद्र सभी परीक्षाएं लीक हो रही है उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस छात्र कांग्रेस एवं मुख्य संगठन के साथ मिलकर छात्राहितों की लड़ाई लड़ेगा।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि आज देश की जो स्थिति है उसमें सबसे अधिक अगर कोई पीड़ित वर्ग है तो वह युवा वर्ग युवाओं के भविष्य को लेकर भाजपा कतई गंभीर नहीं है परीक्षाएं लीक होना इसका पर्याप्त कारण है उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को मौका देने के बजाय यह सरकार उनके भविष्य को खाने का काम कर रही है गौरव गोयल ने कहा कि आगामी सप्ताह में कांग्रेस पूरे जनपद में छात्रों की गूँज कार्यक्रम को व्यापक रूप से जनता के बीच लेकर जाएगी तथा जन जागृति अभियान चलाया जाएगा। पत्रकार वार्ता के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, कार्यालय सचिव नूर आलम आदि मौजूद रहे

