रुड़की गंगनहर कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
पंजाब से रुड़की पहुंची थी करोड़ों की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
– रुड़की पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। रुड़की की गंगनहर कोतवाली पुलिस ने पंजाब के एक तस्कर को करीब दो करोड़ रुपये कीमत की 980 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी रुड़की में इस खेप की सप्लाई करने आया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। सघन चेकिंग अभियान के दौरान गंगनहर पुलिस लाठरदेवा अंडरपास के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखकर युवक भागने लगा लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान गुरविंदर सिंह, निवासी तरनतारण, पंजाब के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हेरोइन पंजाब से खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की यह खेप किस तस्कर से खरीदी गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
*बाइट- नवनीत सिंह भुल्लर (एसएसपी हरिद्वार)*

