रुड़की में बारिश का कहर, सड़कों से लेकर घरों तक पानी ही पानी नगर निगम के दावों की खोली पोल
रुड़की में देर रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। शहर की कई मुख्य सड़कें और गलियां जलमग्न हो गई हैं। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा रहा हैं। उधर मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आज बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लोग घरों से बाहर निकलने में भी परेशानी महसूस कर रहे हैं, जबकि कई स्थानों पर वाहन भी पानी में फंसते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई और जल निकासी के दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही तेज बारिश में पूरे सिस्टम की हकीकत सामने आ गई है। रुड़की में देर रात से जारी तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। मुख्य मार्गों से लेकर कॉलोनियों तक पानी भर गया है। कई घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों का सामान भी भीग गया। जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने हरिद्वार जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है। फिलहाल प्रशासन लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है, जबकि नगर निगम की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने भी जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा है कि इलेक्शन के समय तो लोग वोट मांगने आ जाते हैं लेकिन आमजन की समस्याओं से नेताओं को कोई सरोकार नहीं है।

