रुड़की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कांवड़ यात्रा को लेकर की हाईलेवल बैठक, विभागों को मिला जिम्मेदारियों का रोडमैप
ब्यूरो रिपोर्ट संदीप चौधरी
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए रुड़की प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था सहित सभी जरूरी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। रुड़की में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, जल संस्थान, जल निगम, एनएचएआई, यूपीसीएल, परिवहन विभाग, रोडवेज और रेलवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और सभी विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना रहा।संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से कांवड़ पटरी की मरम्मत, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी विभाग नियमित स्थलीय निरीक्षण करेंगे और जरूरत पड़ने पर संयुक्त निरीक्षण कर कमियों को समय रहते दूर करेंगे। प्रत्येक विभाग अपने नोडल अधिकारी नामित करेगा ताकि आपसी समन्वय के साथ कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं।

