रुड़की सीबीआरआई ने तुंगनाथ मंदिर को बचाने के लिए संभाली जिम्मेदारी टीम पहुंचे तुगनाथ मंदिर
विश्व के सबसे ऊंचे शिव मंदिरों में शुमार तुंगनाथ मंदिर के संरक्षण को लेकर बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। करीब एक हजार वर्ष पुरानी इस ऐतिहासिक धरोहर में आए संरचनात्मक झुकाव का अब वैज्ञानिक तरीके से उपचार किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान यानी CBRI रुड़की ने अपने हाथों में लिया है। सीबीआरआई रुड़की के निदेशक प्रोफेसर आर. प्रदीप कुमार ने बताया कि समय के साथ तुंगनाथ मंदिर की संरचना में झुकाव और बदलाव के संकेत मिलने के बाद विशेषज्ञों ने इसका गहन तकनीकी अध्ययन किया। अध्ययन के आधार पर अब मंदिर का वैज्ञानिक स्ट्रक्चरल ट्रीटमेंट किया जाएगा। CBRI के विशेषज्ञ आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों की मदद से मंदिर की नींव,पत्थरों और पूरी संरचना को मजबूत एवं स्थिर करने का कार्य करेंगे। सबसे खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया में मंदिर की ऐतिहासिक,धार्मिक और वास्तु पहचान को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यह सिर्फ मरम्मत का कार्य नहीं,बल्कि विरासत संरक्षण का वैज्ञानिक अभियान है। उपचार के प्रत्येक चरण की लगातार तकनीकी मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि मंदिर की मूल संरचना को बिना किसी नुकसान के लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सके। आस्था, इतिहास और वैज्ञानिक तकनीक के इस अनूठे संगम से उम्मीद है कि विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ मंदिर आने वाले कई दशकों तक सुरक्षित रहेगा। हजार साल पुरानी इस धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में CBRI की यह पहल एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हो सकती है।
प्रोफेसर आर. प्रदीप कुमार निदेशक सीबीआरआई रुड़की

